BHILWARA

जीवित बेटी का छपवाया शोक संदेश, पिता ने तोड़ा नाता

जीवित बेटी का छपवाया शोक संदेश, पिता ने तोड़ा नाता

परिवार की इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाने से आहत पिता का अनोखा कदम, इलाके में चर्चा

काछोला । आमल्दा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही जीवित बेटी को मृत मानते हुए उसका शोक संदेश छपवा दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, आमल्दा निवासी देवेंद्र सिंह कानावत ने अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए जयपुर भेजा था। इसी दौरान बेटी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध दूसरे समाज के एक युवक के साथ संबंध बना लिए। जब इसकी जानकारी परिजनों को मिली तो मामला पुलिस तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि पिता ने बेटी को समझाने और घर लौटने के लिए काफी प्रयास किए। यहां तक कि थाने में भी उन्होंने बेटी के सामने हाथ जोड़कर और झोली फैलाकर उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन बेटी ने पिता की बात मानने से इनकार कर युवक के साथ जाने का निर्णय लिया।

इस घटना से आहत पिता ने अपनी बेटी से संबंध तोड़ते हुए उसे मृत मान लिया और उसका शोक संदेश तक प्रकाशित करवा दिया।

शोक संदेश में बेटी की तस्वीर के साथ 20 मार्च 2026 को निधन दर्शाया गया है। साथ ही 22 मार्च को तीये की बैठक और 31 मार्च को ब्रह्मभोज का कार्यक्रम भी उल्लेखित किया गया है। शोक संदेश में पिता देवेंद्र सिंह सहित पूरे परिवार को शोक संतप्त के रूप में दर्शाया गया है।

यह मामला सामाजिक परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और बदलते समय के बीच उत्पन्न हो रहे टकराव को दर्शाता है। फिलहाल, यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!