काछोला में गरबा महोत्सव का शुभारंभ, मां जगदंबा की आरती के साथ गूंजे जयकारे

बाग के बालाजी परिसर में भक्तिमय माहौल, पारंपरिक गरबा नृत्य में महिला-पुरुषों और युवाओं ने लिया भाग; 20 अक्टूबर को निकलेगी मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा

असलम रंगरेज
काछोला कस्बे में धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच जय मां अम्बे नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में भव्य गरबा महोत्सव का शुभारंभ रविवार को मां जगदंबा की आरती के साथ हुआ। कस्बे के बाग के बालाजी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आरती के दौरान मां के जयकारों से परिसर गूंज उठा। इसके बाद पारंपरिक गरबा नृत्य में महिला-पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। सामूहिक सहभागिता से धार्मिक आयोजनों को नई ऊर्जा मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।



