Bhilwara News

संविधान देश की एकता, अखंडता और समानता का आधार : डॉ. मीणा

शाहपुरा राजकीय महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजन, विद्यार्थियों ने भाषणों से जगाई संवैधानिक मूल्यों की अलख
शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
भारतीय संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की मजबूत नींव है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराया है। हमें संविधान की गरिमा बनाए रखते हुए उसके मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। यह विचार श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। इसकी मूल भावना को समझना और उसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. मूलचन्द खटीक ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, इसके मूल्यों और आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को संविधान की विशेषताओं से अवगत कराते हुए कहा कि संविधान ने भारत को एक लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में मजबूत पहचान दी है। उन्होंने सभी से संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने तथा संविधान की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
भाषणों से गूंजे संवैधानिक मूल्यों के संदेश
संविधान दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स एवं छात्रा लक्ष्मी कलाल ने ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर संविधान के महत्व और नागरिकों की जिम्मेदारियों पर विचार रखे। छात्रा डाली कुम्हार ने सरस्वती वंदना एवं वंदे मातरम् का वाचन कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रभारी अधिकारी प्रो. दिग्विजय सिंह एवं प्रो. अंकित मीणा के संयोजन में किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के संकाय सदस्य प्रो. प्रियंका ढाका, डॉ. दलवीर सिंह, प्रो. मुकेश कुमार मीणा, प्रो. दिनेश चौधरी, प्रो. रवि जैन, प्रो. अतुल कुमार जैन, प्रो. अखिलेश सिंह राजपुरोहित, प्रो. भगवती महावर एवं प्रो. अतुल कुमार जोशी सहित विद्यार्थी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
प्रस्तावना वाचन के साथ दिलाई मतदाता जागरूकता शपथ
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इसके साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!