Bhilwara News

700 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा का साक्षी बना काछोला का पांच दिवसीय दीपावली रास मेला, हर्षोल्लास के साथ हुआ समापन

आस्था, उत्साह और उमड़े जनसैलाब के बीच पांच दिनों तक गुलजार रहा मेला परिसर; झूले-चकरी, सर्कस, नौका विहार, ऊंट सवारी और खरीदारी रहे आकर्षण का केंद्र;

पंचायत एवं पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की ग्रामीणों ने की सराहना

असलम रंगरेज

काछोला कस्बे में करीब 700 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक पांच दिवसीय दीपावली रास मेले का हर्षोल्लास और उत्साह के साथ समापन हुआ। पांच दिनों तक मेला परिसर में आस्था, उमंग और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में काछोला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और बच्चे पहुंचे। दिन से लेकर रात तक मेला परिसर लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहा।

मेले में लगे झूले-चकरी, सर्कस, नौका विहार, ऊंट सवारी, खिलौनों एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की विशेष भीड़ रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का भरपूर आनंद लिया। प्रताप सागर तालाब में नौका विहार भी लोगों के लिए विशेष आकर्षण बना रहा। वहीं, बाजार में सजी दुकानों पर ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की।


नि:शुल्क सुविधाएं बनीं मेले की खास पहचान

इस बार मेले में ग्राम पंचायत की ओर से बाहर से आए दुकानदारों एवं मनोरंजन संचालकों को दुकान लगाने के लिए स्थान के साथ बिजली और पेयजल की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। इससे व्यापारियों को काफी राहत मिली। मेले में बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर दुकानदारों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की पहल की सराहना की।


पंचायत और पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद


मेले के दौरान ग्राम पंचायत सरपंच गीता देवी माली के प्रतिनिधि अरविंद कुमार माली के नेतृत्व में वालंटियर टीम लगातार सक्रिय रही। टीम के सदस्यों ने दिन-रात मेले में व्यवस्थाएं संभालते हुए आमजन को सहयोग प्रदान किया।

पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस अधिकारी बालकिशन शर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ मेले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए।

मेले के व्यवस्थापक राजेन्द्र कुमार रेगर सहित आयोजन से जुड़े लोगों ने भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं के माध्यम से मेले में आने वाले लोगों को सहूलियत मिली।

पांच दिनों तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन ने एक बार फिर काछोला की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की परंपरा को जीवंत कर दिया

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!