BHILWARA

शाहपुरा फायरिंग केस का खुलासा : 24 घंटे में मास्टरमाइंड सहित चार आरोपी गिरफ्तार



शाहपुरा : मूलचंद पेसवानी ।

शहर के त्रिमूर्ति सर्किल पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

घटना 13 अक्टूबर की रात की है, जब त्रिमूर्ति चौराहे पर सलीम मोहम्मद कायमखानी पर मोहब्बत, शालीम और उनके साथियों ने पिस्टल से फायर कर दिया था। सीने में गोली लगने से सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में शाहपुरा थाना पुलिस ने बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य (RPS) के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी ओमप्रकाश (RPS) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेशचंद के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल बीटीएस डेटा का विश्लेषण किया और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की।


सघन जांच के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया
1. शालीम खां उर्फ बिच्छु पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी दिवानशाह कॉलोनी, उदयपुर।
2. मोहम्मद इस्माईल पुत्र मोहम्मद जमील मेवाती, निवासी मालातलाई गांधी नगर, उदयपुर।
3. मोहब्बत खां कायमखानी पुत्र शोखत खां, निवासी फुलिया गेट, शाहपुरा।
4. फयाज खां पुत्र अजीज खां पठान, निवासी गलियाघाटी, फलासिया (उदयपुर)।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ कई प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की पूछताछ और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल, एंटी गैंगस्टर टीम और शाहपुरा थाना पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। विशेष योगदान देने वालों में हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल बनवारीलाल (एंटी गैंगस्टर टीम) और कांस्टेबल पिंटू कुमार (साइबर सेल) शामिल हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!