BHILWARA

महाविद्यालय में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना पर सेमिनार आयोजित


शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
श्री प्र.सिं.बा. राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में आज प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रामावतार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को दोनों महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना और उनके लाभों से अवगत कराना था।
सेमिनार की मुख्य वक्ता डॉ. ऋचा अंगिरा ने विस्तारपूर्वक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराती है। यह सुविधा सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में लागू है, जिसके तहत अब तक लगभग 10 करोड़ से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं।


कार्यक्रम की द्वितीय वक्ता नेहा जैन ने मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की स्थिति में मृत्यु या गंभीर चोट लगने पर पीड़ित या उसके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा संचालित है और इसका उद्देश्य आकस्मिक दुर्घटनाओं से उत्पन्न आर्थिक संकट से परिवारों को सुरक्षा देना है।
दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर प्रो. मूलचंद खटीक ने कहा कि “ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इनसे लोगों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और वे उनका लाभ उठा सकते हैं।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी और नागरिक जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. रामावतार मीना ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “आप सभी इन योजनाओं की जानकारी अपने परिवार और समाज में अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाएँ, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इन जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए।” सेमिनार में कॉलेज के सभी संकाय सदस्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक मंडल ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. ऋचा अंगिरा द्वारा किया गया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!