BHILWARA

अजमेर में ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार,2 की मौत:गाड़ी के परखच्चे उड़े, बॉडी फंसी; राजस्थान घूमने आए थे युवक-युवती


अजमेर में एक तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुस गई। एक्सीडेंट में राजस्थान घूमने आए एक युवक-युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

शव भी कार के मलबे में बुरी तरह फंस गए। एक्सीडेंट बुधवार सुबह 5 बजे नेशनल हाईवे-48 पर खेड़ा तिराहे के पास हुआ। पुलिस के अनुसार युवक दीपक नागर (21) गौतमबुद्ध नगर (यूपी) और युवती तान्या यादव दिल्ली की रहने वाली थी।

दोनों दिल्ली यूनिवसिर्टी से बीबीए कर रहे थे। दोनों तीन दिन पहले राजस्थान घूमने के लिए आए। रात उदयपुर से रवाना होकर जयपुर लौट रहे थे।


यूपी नंबर की कार, लड़की ड्राइव कर रही थी

पुलिस के अनुसार कार का रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश का है। गाड़ी दिल्ली के कमला नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली तान्या पुत्री शिवराम यादव ड्राइव कर रही थी।

जबकि, दादरी (गौतमबुद्ध नगर) क्षेत्र का रहने वाला दीपक पुत्र उदयवीर सिंह ड्राइवर के साइड वाली सीट पर बैठा था। दीपक दिल्ली में डीयू कॉलेज में बीबीए कर रहा था।

जानकारी के अनुसार खेड़ा तिराहे के पास कार के आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस कारण एक्सीडेंट हो गया। हादसे में कार का अगला हिस्से पूरी तरह खत्म हो गया। कार के एयरबैग भी खुले, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घूमने के लिए राजस्थान आए थे।


परिजनों के आने पर हुआ पोस्टमार्टम

नसीराबाद सीओ कृष्ण कुमार यादव ने बताया- हादसा बुधवार को करीब सुबह सवा पांच बजे हुआ। हादसे में कार सवार युवक-युवती की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट की जानकारी परिजनों को दे दी गई।

दोनों के शव श्रीनगर के हॉस्पिटल में रखवाए गए थे। श्रीनगर थाने के ASI श्रवण ने बताया-हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस तलाश कर रही है।

दीपक के माता-पिता और परिजन दोपहर बाद श्रीनगर अस्पताल पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने उन्हें ढांढस बंधाया। परिजन ने बताया- दीपक दिल्ली में डीयू कॉलेज में बीबीए कर रहा था। वहीं परिजन के आने पर अब पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!