BHILWARA

सावन के दूसरे सोमवार पर कदमा महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब , प्रतापपुरा के दुर्लभ कदम वृक्ष से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा

शाहपुरा (राजेन्द्र खटीक)।

सावन के पावन महीने में भक्ति और आस्था की लहरें पूरे क्षेत्र में उमड़ पड़ी हैं। सोमवार को शाहपुरा से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित प्रतापपुरा गांव के कदमा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शिव भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र व पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया।

इस पवित्र स्थल की विशेष पहचान वहां स्थित दुर्लभ कदम वृक्ष है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मान्यता है कि वृंदावन के बाद इतना प्राचीन और जीवित कदम का वृक्ष केवल यहीं पाया जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस वृक्ष के नीचे बैठने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मन को विशेष शांति मिलती है।

मंदिर प्रांगण दिनभर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। पूजा-अर्चना के साथ-साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मंदिर के पुजारी गोरु पौंडरीक ने जानकारी दी कि सावन मास में प्रतिदिन विशेष शिव आराधना होती है, लेकिन सोमवार को विशेष आयोजन और भक्तों की भीड़ अधिक होती है।

यह स्थान न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां स्थित स्वामी संध्या पुरी महाराज की समाधि के दर्शनों से शारीरिक रोगों के निवारण की भी मान्यता जुड़ी है।

कदमा महादेव मंदिर आज आध्यात्मिक ऊर्जा, प्रकृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम बन चुका है, जहां हर सोमवार श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति की गूंज अनवरत जारी रहती है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!