आसींद। स्थानीय समाचार पत्र ‘भीलवाड़ा फोकस’ में “बड़े हादसे का इंतजार करता प्रशासन” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया और संबंधित विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सड़क के बीचों-बीच बने खतरनाक गड्ढे को भरवाकर दुरुस्त कर दिया है।

आपको बता दें कि भीलवाड़ा-ब्यावर मुख्य मार्ग पर नए बस स्टैंड के सामने सड़क के बीच एक बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया था। यह गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर मुसीबत बना हुआ था, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
ग्रामीणों ने बताया था कि कई बार अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी। ‘भीलवाड़ा फोकस’ समाचार पत्र ने इस जनसमस्या को गंभीरता से उठाते हुए प्रशासन की उदासीनता को उजागर किया था।
खबर छपने के बाद, संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गड्ढे की मरम्मत कर दी है। अब मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुरक्षित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।

स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने इस जनहित के कार्य के लिए समाचार पत्र का आभार व्यक्त किया है।















