बिजौलियां ब्लॉक का शानदार रिजल्ट: 12वीं में अधिकांश विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत

BHILWARA
Spread the love



बिजौलियां। ब्लॉक क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उत्कृष्ट परिणाम में विद्यार्थियों ने न केवल गुणवत्ता बल्कि संख्या के लिहाज से भी शानदार प्रदर्शन किया।

छोटी बिजौलियां की अक्षरा जैन ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ब्लॉक में सर्वोच्च स्थान हासिल किया, वहीं श्यामपुरा की हर्षिता मीणा ने 96 प्रतिशत अंक लेकर क्षेत्र का मान बढ़ाया। जलीन्द्री में हर्षिता मीणा और मौनिका किराड़ ने 94-94 प्रतिशत, अजय किराड़ ने 92.4 प्रतिशत तथा कविता माली ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। नया नगर की नीतू शक्तावत ने भी 92 प्रतिशत अंक हासिल किए।

महात्मा गांधी स्कूल में विज्ञान संकाय के सभी 23 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, वहीं बालिका विशाखा चित्तौड़ा ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। माल का खेड़ा में सभी 21 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए, जबकि जलीन्द्री में 32 में से 31 और मांगटला में 10 में से 9 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में सफल रहे।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजौलियां के विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा।

उत्कृष्ट परिणाम पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सीबीईओ माली राम यादव ने कहा कि व्याख्याताओं की कमी के बावजूद शिक्षकों की मेहनत से पूरे ब्लॉक का परिणाम श्रेष्ठ रहा है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के मेधावी विद्यार्थियों का शीघ्र ही सम्मान किया जाएगा।