*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी**
कस्बे में हनुमान जयंती के अवसर पर स्थित श्री घाटी के बालाजी, श्री गूंदी के हनुमान जी सहित क्षेत्र के सभी हनुमान मंदिरों में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव के अंतर्गत तीसरे दिन विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर रहे।

गूंदी के हनुमान मंदिर के पुजारी जितेंद्र आचार्य और आयोजन समिति के गणेश भण्डारी ने बताया कि 2 अप्रैल को मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बालाजी का आकर्षक श्रृंगार कर चोला चढ़ाया गया और दिव्य दरबार के दर्शन के लिए मंदिर दिनभर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा। शाम को महाआरती के पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।

इसके बाद रात्रि 9 बजे से ख्यातनाम कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जो देर रात तक जारी रहीं।
घाटी के हनुमान जी मंदिर मेला आयोजन समिति के यशवंत सिंह परिहार ने बताया कि बनेड़ा कस्बे के आराध्य देव, जागृत शक्ति श्री घाटी के बालाजी के यहां तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को श्री श्री 1008 देवा दास जी महाराज के सानिध्य में रामचरित मानस पाठ के साथ हुआ। दूसरे दिन बुधवार को पाठ के समापन के बाद नवल भारद्वाज और उनकी टीम द्वारा रात्रि 8:15 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
तीसरे दिन 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर श्री घाटी के बालाजी का विशेष श्रृंगार कर चोला चढ़ाया गया। सुबह से ही भक्तों के लिए दिव्य दर्शन प्रारंभ हो गए, जो देर रात तक जारी रहे। दिन में 1 बजे से भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी क्रम में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक पूरण गुर्जर एंड पार्टी द्वारा विशाल भजन संध्या प्रस्तुत की गई। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। पूरण गुर्जर द्वारा प्रस्तुत भजन “ *नानेरा में नाना नानी कोने रे उदल घरा के ऊपर ताला लाग्योड़ा रे…”* पर श्रोतागण मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे।
शोभायात्रा और अखाड़ा प्रदर्शन रहे आकर्षण का केंद्र
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बनेड़ा कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित यह शोभायात्रा श्री चारभुजा नाथ मंदिर से शाम 4:15 बजे उत्साही युवाओं के साथ रवाना हुई। शोभायात्रा मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री घाटी के बालाजी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान अखाड़ा प्रदर्शन और महाकाल की आरती श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। वहीं क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने भी दोपहर बाद घाटी के हनुमान जी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की।
