पांचना आश्रम के संत राजगिरी महाराज कभी पायलट से नहीं मिले
कोटड़ी 4 अप्रेल 2026
वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बनें, इसी मनोकामना को लेकर एक संत दंडवत यात्रा पर हैं। वे 17 फरवरी 2026 को करौली जिले के पांचना बांध से द्वारकानाथ तक की 1400 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पर निकले हैं और फिलहाल कोटड़ी तहसील के सवाईपुर चौराहे से गुजर रहे है। ये संत हैं, करौली के पांचना आश्रम से जुड़े संत राजगिरी जी महाराज। दंडवत यात्रा कर रहे सन्त श्री राजगिरी महाराज का सवाईपुर चौराहे पर प्रभुलाल गुर्जर बैराडा की झुपड़िया की ओर से सवाईपुर चौराहे पर सन्त श्री राजगिरी महाराज का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।



संत श्री राजगिरी महाराज को प्रभुलाल गुर्जर बैराडा की झुपड़िया ने 5100 रुपये सप्रेम भेंट कर फलाहार करवाया गया। इस अवसर पर प्रभुलाल गुर्जर, हरिलाल गुर्जर, रामकिशन गुर्जर, भंवरलाल जाट, लादूलाल गुर्जर, श्रवण गुर्जर, नन्दलाल गुर्जर सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। संत राजगिरी महाराज कहते हैं कि राजस्थान में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर यह उनका हठ योग है। वर्ष 2028 में उनकी मन्नत जरूर पूरी होगी। मजेदार बात यह है कि संत राजगिरी जी महाराज कभी सचिन पायलट से मिले नहीं हैं। संत राजगिरी जी महाराज पहले भी लंबी दूरी की कनक दंडवत यात्रा दो बार कर चुके हैं। उन्होंने लगभग 750 किलोमीटर की करौली से गंगोत्री-रामेश्वर तक की दंडवत यात्रा 14 अप्रैल 2023 को शुरू की, जो 17 जुलाई 2024 को पूरी हुई थी। इनकी दूसरी यात्रा करौली से जगन्नाथ पुरी तक थी, जो लगभग 1500 किलोमीटर लंबी थी। यह यात्रा 18 अप्रैल 2025 को शुरू की और 10 दिसंबर 2025 को जगन्नाथ पुरी जाकर संपन्न हुई थी। सन्त राजगिरी जी महाराज की यह तीसरी यात्रा है, जिसमें वे सचिन पायलट को 2028 में मुख्यमंत्री बनाने की कामना लिए निकले हैं।
यह बताया कारण : संत और सियासत का क्या वास्ता एवं पायलट ही क्यों बने सीएम के सवाल पर सन्त राजगिरी जी महाराज कहते हैं कि जरूर इस यात्रा के बाद सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे। वे जनता से जुड़े नेता हैं। राजस्थान में उनके चाहने वाले करोड़ों में है। पायलट पक्ष में हो या विपक्ष में हमेशा जनता के बीच रहते हैं। राजस्थान की गर्मी के बीच प्रतिदिन सड़क पर 10 से 12 किमी कनक दंडवत यात्रा करने वाले सन्त राजगिरी जी महाराज बताते हैं कि वे कभी भी सचिन पायलट से नही मिले हैं और न ही कोई तमन्ना है, लेकिन अगर वे मिलेंगे तो तभी जब सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
