शक्करगढ़
24 अप्रैल।
थाना क्षेत्र के भोरन (शेरपुरा) गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गोपीचंद मीणा पुत्र केसरलाल मीणा सुबह करीब 7:10 बजे अपने खेत के कुएं पर बरसी मेथी की पिलाई के लिए गए थे। इसी दौरान वे विद्युत मोटर का स्टार्टर चालू कर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शक्करगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना शक्करगढ़ से हेड कांस्टेबल राजेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
इस मामले में मृतक के रिश्तेदार प्रभुलाल मीणा पुत्र मोतीलाल मीणा निवासी भोरन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
