हरिशेवा उदासीन आश्रम में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी

BHILWARA
Spread the love



पुरषोत्तम मास में भगवान का स्मरण जीवन को सफल बनाता है – पंडित गौरी शंकर शास्त्री

श्रीमद्भागवत कथा आज से

भीलवाड़ा, 31 मई।
सनातन सेवा समिति, हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर एवं महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन महाराज के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। पूरे माह संचालित विविध आध्यात्मिक एवं धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के   अंतर्गत अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में  सामूहिक पूर्णिमा उद्यापन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ।
      पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्री सत्यनारायण कथा में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित गौरी शंकर शास्त्री ने पुरुषोत्तम मास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि संसार निरंतर परिवर्तनशील है, यहां हर क्षण बदलाव होता रहता है। मनुष्य को अपूर्णता को छोड़कर पूर्णता की ओर अग्रसर होना चाहिए और इसके लिए भगवान का स्मरण सबसे श्रेष्ठ मार्ग है।
शास्त्री ने कहा कि पुरुषोत्तम मास अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। इस माह में किए गए जप, तप, दान, पूजा-पाठ एवं सत्संग का विशेष फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर का नाम लेने मात्र से जीवन सफल हो जाता है तथा व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे पुरुषोत्तम मास में अधिक से अधिक समय भगवान की भक्ति, कथा श्रवण और सत्कर्मों में लगाएं, जिससे जीवन में सुख, शांति और आत्मिक उन्नति प्राप्त हो सके।
    श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर पुरुषोत्तम मास में किए गए व्रत, जप, तप, पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का उद्यापन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
   आश्रम के संत मायाराम ने बताया कि धार्मिक प्रवचनों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 1 जून से 7 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन एवं अमृतमयी प्रवचन जबलपुर के पूज्य स्वामी अशोकानंद जी महाराज के श्रीमुख से होगा। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य का संदेश श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
इसके पश्चात 8 जून से 14 जून तक श्रीशिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। कथा का रसपान काशी के विद्वान संत डॉ. स्वामी निर्मल दास जी महाराज के मुखारविंद से कराया जाएगा। शिव महापुराण कथा में भगवान शिव के स्वरूप, उनकी महिमा, भक्ति तथा सनातन संस्कृति के विविध आयामों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
आश्रम के संत गोविन्दराम ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के समापन अवसर पर 15 जून को विशाल संत समागम आयोजित होगा। इस दिन विष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति, समस्त पाठ-परायणों की पूर्णाहुति, गंगा आरती एवं रामधुन विश्राम सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम सम्पन्न होंगे। विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा तथा श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक जीवन के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
संत गोविन्दराम ने कहा कि पुरुषोत्तम मास के दौरान हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की जो आध्यात्मिक धारा प्रवाहित हो रही है, वह श्रद्धालुओं के जीवन को नई दिशा प्रदान कर रही है। उन्होंने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रीमद्भागवत कथा, श्रीशिव महापुराण कथा तथा समापन समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मगंगा की इस त्रिवेणी का लाभ प्राप्त करें।