मेनाल के पास ट्रेलर और बल्कर वाहन की भिड़ंत, हाईवे पर एक घंटे तक लगा जाम

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मंगलवार अल सुबह मेनाल के निकट दो भारी वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रेलर और बल्कर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर में भरे लोहे के पाइप सड़क पर बिखर गए, जिससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर और बल्कर वाहन कोटा से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे थे। मेनाल के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद ट्रेलर में लदे लोहे के पाइप सड़क पर फैल गए, जिससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क पर बिखरे पाइपों को हटवाया तथा पलटे वाहनों को किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया।

हादसे में दोनों वाहन चालकों को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।