*खेड़ी गिरडिया में वित्तीय साक्षरता कैंप आयोजित, ग्रामीणों को बताया सुरक्षित निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग*

BHILWARA
Spread the love




*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय सहयोग से संचालित क्रिसिल फाउंडेशन के मनी वाइज वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा ग्राम खेड़ी गिरडिया में वित्तीय समावेशन एवं वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने भाग लेकर बैंकिंग सेवाओं, सरकारी बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कैंप को संबोधित करते हुए केंद्र प्रबंधक गायत्री शर्मा ने कहा कि आज के समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता बन गई है। बैंकिंग सेवाओं की जानकारी और सही वित्तीय निर्णय लेने की क्षमता व्यक्ति एवं परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाती है। उन्होंने बताया कि क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा जिलेभर में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सके

उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ये योजनाएं कम प्रीमियम में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे स्वयं इन योजनाओं से जुड़ें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में बैंकिंग लेन-देन की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। गायत्री शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। सोशल मीडिया या मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी प्रकार की लालच देने वाली निवेश योजनाओं में धन लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।

उन्होंने ग्रामीणों को नियमित बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़े आर्थिक संबल का आधार बनती है। बैंक में खाता खोलकर बचत करना, बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ना तथा वैध वित्तीय संस्थानों के माध्यम से निवेश करना आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कैंप में यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी या साइबर फ्रॉड होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते सहायता प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम में मेट प्रभुलाल जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने वित्तीय योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने ऐसी जागरूकता गतिविधियों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता बताई और वित्तीय रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविर न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हैं, बल्कि लोगों को अपने धन की सुरक्षा, भविष्य की योजना और आर्थिक प्रगति के लिए सही दिशा भी प्रदान करते हैं।