बनेड़ा -परमेश्वर
पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन (पंजी) के आह्वान पर गुरुवार से प्रदेशभर में मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के पहले ही दिन कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार से शीघ्र मांगों के समाधान की मांग की। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों एवं जिला परिषदों में होने वाले प्रशासनिक कार्यों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से मंत्रालयिक कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं, जिन पर सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति प्रक्रिया को नियमित करना, अंतर जिला स्थानांतरण की सुविधा प्रदान करना, उत्तराखंड पैटर्न पर पदस्थापन व्यवस्था लागू करना, हाई ड्यूटी अलाउंस एवं अतिरिक्त प्रभार भत्ते की स्वीकृति देना तथा ग्रामीण विकास अधीनस्थ सेवा के स्वीकृत पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना शामिल है।
कर्मचारियों का कहना है कि कई बार ज्ञापन एवं वार्ताओं के माध्यम से सरकार का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन मांगों का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी के चलते संगठन ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
आंदोलन के दौरान संगठन के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी एकता का परिचय दिया। इस अवसर पर अमीष व्यास, महावीर प्रसाद गुर्जर, प्रहलाद राय सुथार, इस्लाम मोहम्मद, संदीप कुमार जोशी, संतोष छिपा, पप्पू नायक, राकेश सेन सहित बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी उपस्थित रहे और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
