*आत्मा योजनान्तर्गत खरीफ पूर्व कृषक गोष्ठी आयोजित, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने किसानों से किया संवाद*

BHILWARA
Spread the love


*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

बनेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खेड़लिया के ग्राम दोलतपुरा में गुरुवार को कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजनान्तर्गत खरीफ पूर्व कृषक गोष्ठी 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया और कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों की खुशहाली और समृद्धि से ही प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की।

इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, प्रमाणित बीजों के उपयोग, फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण तथा प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी। किसानों को मौसम आधारित खेती अपनाने और नवीन कृषि तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को विधायक के समक्ष रखा। डॉ. बैरवा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि अवसंरचना के विकास और किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मी लाल सोनी, भाजपा मंडल महामंत्री राजमल माली, भाजपा युवा कैलाश माली, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भैरूलाल लक्षकार, जीवन बैरवा, मीना कुमारी, कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कृषि पर्यवेक्षक, प्रगतिशील किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

गोष्ठी में किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से रूबरू कराते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।