शाहपुरा (भीलवाड़ा), 12 जून 2026। शाहपुरा, भीलवाड़ा एवं पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है कि शाहपुरा के होनहार खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान की कप्तानी में भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ज़लातिबोर (सर्बिया) रवाना हो गई है। 12 सदस्यीय भारतीय टीम रांची से दिल्ली पहुंची और वहां से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से सर्बिया के लिए प्रस्थान किया। टीम के साथ मुख्य कोच, सहायक कोच एवं फिजियो भी गए हैं। बालकों की टीम के साथ भारतीय बालिका टीम भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सर्बिया रवाना हुई है।

भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद एवं स्टार खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम से इस बार उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।

भारतीय टीम में मोहम्मद रज़ा खान (राजस्थान) के अलावा सिद्धार्थ मान एवं मोहम्मद सानी गौरी (दिल्ली), श्रीशरण वैदिवेल मुरुगन एवं शौर्य राहुल पांडे (सीबीएसई-डब्ल्यूएसओ), दीक्षित अमीन (कर्नाटक), देवेश स्वप्निल पटेल (महाराष्ट्र), शौर्य सचदेवा (पंजाब), संस्कार सैनी (राजस्थान), माधवेंद्र सिंह जैतावत (गुजरात), शुभम सिंह एवं हिमांशु सिंह (सीबीएसई) को शामिल किया गया है।

टीम के साथ मुख्य कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच कालवा राधा राव तथा फिजियो कुणाल कुमार राजकुमार चूड़ास्मा भी गए हैं।
प्रतियोगिता में भारतीय टीम को ग्रुप-एफ में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला चाइनीज ताइपे, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य जैसी मजबूत टीमों से होगा। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें आठ समूहों में विभाजित किया गया है, ये प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ (ISF) द्वारा आयोजित की जाती है, 13 जून से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता का समापन 22 जून को होगा ।

खेल प्रेमियों और विशेषज्ञों का मानना है कि कप्तान मोहम्मद रज़ा खान के नेतृत्व में भारतीय टीम इस बार सर्बिया में पदक जीतने की प्रबल दावेदार है। शाहपुरा और राजस्थान के खेल जगत में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है।
