बिजौलिया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका बिजौलिया द्वारा शुक्रवार को “शहरी सेवा शिविर अभियान-2026” का शुभारंभ नगर पालिका सभागार में किया गया। अभियान के प्रथम दिन नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान भूमि एवं पट्टा संबंधी मामलों, भवन निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु पंजीयन, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था सहित अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का समाधान किया गया। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को नागरिकों ने सराहा। शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
