पहले पत्नी को दिया बेहोशी का इंजेक्शन, फिर जिंदा जला दिया, 9 महीने बाद खुला राज, आरोपी पति गिरफ्तार

BHILWARA
Spread the love



9 महीने बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलासा. पति ने पत्नी को बेहोश कर जिंदा जलाकर हत्या कर दी थी


बूंदी। फ़रीद ख़ान ।

जिले की सदर थाना पुलिस को करीब 9 माह पुराने मामले में फॉरेंसिक
साइंस लेबोरेटरी (FSL) रिपोर्ट मिलने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट में महिला को बेहोशी की हालत में ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की पुष्टि हुई है. इसके बाद पुलिस ने महिला की निर्दयी हत्या के मामले में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।

एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि सितंबर 2025 में ग्राम हट्टीपुरा में एक महिला की संदिग्ध मौत हुई थी. मृतका के भाई गिरिराज माली ने थाने में रिपोर्ट लिखाई थी कि उनकी बहन पार्वती का विवाह शंकरलाल सैनी निवासी खानपुरा नैनवा से हुआ था. शंकरलाल झोलाछाप डॉक्टर के रूप में हट्टीपुरा में क्लिनिक चलाता था और मरीजों का इलाज करता था. मृतका के भाई ने आरोप लगाया था कि उसके जीजा शंकरलाल का दूसरी महिला से अनैतिक संबंध था, जिसके चलते घर में रोजाना पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था. एक दिन शंकरलाल ने अपनी पत्नी पार्वती को बेहोशी का इंजेक्शन देकर बेहोश किया और फिर उसे जिंदा जला दिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


ऐसे पकड़ा गया आरोपी: सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि आरोपी शंकरलाल बेहद चालाक और शातिर प्रवृत्ति का व्यक्ति है. घटना के तुरंत बाद उसने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी हादसे का शिकार हो गई और जलने से उसकी मौत हो गई. वहीं, मृतका के भाई गिरिराज माली ने जीजा पर गंभीर आरोप लगाए थे कि उसने बेहोशी का इंजेक्शन देकर पत्नी को जिंदा जला दिया.

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL जांच कराई. घटना के करीब 9 महीने बाद रिपोर्ट आने पर महिला को बेहोश करके ज्वलनशील पदार्थ से जलाने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी शंकरलाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से और भी गहराई से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।