*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
खेल मैदान में आयोजित बनेड़ा प्रीमियर लीग (बीपीएल-2026) रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांचक माहौल में खेले गए। दूधिया रोशनी में हुए मुकाबलों का आनंद लेने बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे।
सेमीफाइनल मैचों को देखने के लिए शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रेगर व एडवोकेट राजेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उनका राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा बंधवाकर स्वागत किया गया।
नरेंद्र कुमार रेगर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का संदेश देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ग्रामीण जिला अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद शाह, राजीव गांधी पंचायती राज ब्लॉक अध्यक्ष मनोज जाट, कांग्रेस वरिष्ठ नेता मुराद खां कायमखानी, पूर्व नगर अध्यक्ष इमरान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ईगल क्रिकेट क्लब बनेड़ा के सचिव महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बीपीएल-2026 में क्षेत्र की कई टीमें भाग ले रही हैं और प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
बनेड़ा प्रीमियर लीग-2026 अब अपने रोमांचक अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, जहां फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
इए दौरान ईगल क्रिकेट क्लब के सुमन सिंह राठौड़, नारायण लाल आचार्य, रिसालत खान पठान,इस्लाम खान कायमखानी, मनीष सोनी, महेंद्र सिंह तवर, आदि खिलाड़ी मौजूद रहे
