संवाददाता। राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
कस्बे में शनिवार को सवाईपुर मार्ग स्थित चोराहे पर महात्मा ज्योतिबा फुले प्रतिमा अनावरण समारोह एवं श्री चारभुजा मन्दिर प्रांगण में माली सैनी महासभा राजस्थान प्रदेश तथा जिला भीलवाड़ा के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज में एकता, शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कोटड़ी में स्थापित महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। साथ ही संबोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज के वंचित वर्गों, महिलाओं और शिक्षा के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे बड़ा माध्यम है तथा समाज को संगठित होकर युवाओं को शिक्षित और संस्कारित बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में विशिष्ट अतिथि पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने कहा कि महात्मा फुले का जीवन संघर्ष, सामाजिक सुधार और जनजागरण का प्रतीक है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में समानता और शिक्षा का जो दीप जलाया था उसे आगे बढ़ाना आज की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांसद ने क्षेत्र के विकास कार्यों एवं समाज की प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जबकि जहाजपुर कोटड़ी विधायक तथा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा, संगठन और संस्कारों से ही संभव है। उन्होंने महात्मा फुले के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। विधायक ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उत्क्रष्ट 15 प्रतिभाओ को विधायक कोष से स्कूटी वितरण करने की घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत विशाल शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए तथा महात्मा ज्योतिबा फुले के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर समारोह स्थल पहुंची जहां अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रतिमा अनावरण के पश्चात आयोजित आमसभा में माली सैनी महासभा राजस्थान प्रदेश एवं जिला भीलवाड़ा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। पदाधिकारियों ने समाज हित, संगठन की मजबूती एवं जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली। इस दौरान समाज में शिक्षा के प्रसार, युवाओं के मार्गदर्शन, सामाजिक समरसता एवं संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। समारोह में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती बाबा सांखला, भीलवाड़ा मंडी सचिव मदन लाल सेनी, प्रदेशाध्यक्ष छुट्टन लाल सैनी, सत्यनारायण भाटी, आरएसएस के चित्तोड़ प्रान्त के कार्यवाह शंकर लाल माली, जिलाध्यक्ष मदन लाल सोपुरिया, राजस्थान प्रदेश महासचिव सम्पत सोपुरिया, निवर्तमान प्रधान करण सिंह कानावत, भाजपा महामंत्री कन्हैया लाल जाट, मण्ड़ल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने भी सम्बोधित किया।समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। मंच से समाज के विकास, प्रतिभाओं के सम्मान, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज की नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। आयोजन माली सेवा समिति एवं माली समाज विकास संस्थान, कोटड़ी के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, सामाजिक उत्थान, शिक्षा के प्रसार एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प दोहराया गया तथा सभी अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों, महिलाओं, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
फ़ोटो
