शक्करगढ़। टिटोड़ा जागीर गांव में नरेगा कार्य पर जा रही एक महिला पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति की रिपोर्ट पर शक्करगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार टिटोड़ा जागीर निवासी मांगीलाल तेली ने बताया कि उसकी पत्नी मधु देवी (50) शुक्रवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के नरेगा में जा रही थी इसी दौरान गांव के ही जयलाल बैरवा ने पीछे से आकर उस पर लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को परिजन तत्काल पीएचसी शक्करगढ़ लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मांगीलाल ने शक्करगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2) एवं 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सियाराम मीणा को सौंपी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है
