भीलवाड़ा फोकस की खबर का असर: जहाजपुर-देवली सड़क निर्माण फिर शुरू, विधायक मीणा ने किया निरीक्षण

BHILWARA
Spread the love



जहाजपुर। गजानंद जोशी

लंबे समय से रुके पड़े जहाजपुर-देवली मार्ग के निर्माण कार्य को आखिरकार दोबारा गति मिल गई। क्षेत्र की प्रमुख और सर्वाधिक व्यस्त सड़कों में शामिल इस मार्ग पर शनिवार से निर्माण कार्य पुनः शुरू हो गया। सड़क निर्माण में आई सुस्ती और आमजन की परेशानी को भीलवाड़ा फोकस ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने को क्षेत्रवासी खबर का सकारात्मक असर मान रहे हैं।

शनिवार को विधायक गोपीचंद मीणा ने निर्माणाधीन सड़क का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार से कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

यह सड़क जहाजपुर और देवली के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से निर्माण कार्य धीमा रहने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।

निरीक्षण के दौरान विधायक मीणा ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। क्षेत्रवासियों ने भी निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए समय पर कार्य पूर्ण कराने की मांग की।