अमावस्या पर तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट की बैठक संपन्न, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

BHILWARA
Spread the love


बिजोलिया नरेश धाकड़
बिजौलिया। पवित्र अमावस्या के अवसर पर श्री तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चंद अहीर की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई तथा संबंधित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक के उपरांत ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चंद अहीर एवं ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ ने भगवान श्री तिलस्वां महादेव का विधिवत अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, खुशहाली, समृद्धि तथा आपसी भाईचारे की कामना की। साथ ही देश-प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के सुख-शांति और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की गई।
ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि गंगा माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया के ऊपर डोम (शेड) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी एवं वर्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

इसके अलावा पवित्र कुंड के चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से स्टील रेलिंग लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पानी की टंकी का निर्माण भी कराया जा रहा है। ट्रस्ट का प्रयास है कि दर्शनार्थियों को सभी मूलभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों।
ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चंद अहीर एवं सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि आगामी दिनों में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, हरियाली एवं श्रद्धालु सुविधाओं के विस्तार के लिए भी विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। ट्रस्ट का उद्देश्य तिलस्वां महादेव मंदिर को धार्मिक आस्था के साथ-साथ एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करना है।
बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंदिर विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया तथा आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने का निर्णय लिया।