भीमगंज और मांडलगढ़ में चार वारदातें कबूली, मुंबई भागने से पहले साहिल गिरफ्तार
*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। शहर में लगातार हो रही नकबजनी की वारदातों का भीमगंज थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहसिन उर्फ टिन्चा, मोहम्मद साहिल उर्फ टुटीया और सलमा बानो शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने भीमगंज और मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में दो-दो सहित कुल चार चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
भीमगंज थाना अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि 29 जून 2026 को तिलक नगर निवासी बालमुकुंद छीपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित उज्जैन यात्रा पर गए हुए थे। इस दौरान 27 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान के ताले तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। जिस मकान पर ताला लगा मिलता, उसे रात में निशाना बनाकर ताले तोड़ते और नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार मोहम्मद साहिल उर्फ टुटीया मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते आरपीएफ और अजमेर डीएसटी की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसकी मां सलमा बानो चोरी के गहनों को बेचने और ठिकाने लगाने में सहयोग करती थी।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और चोरी हुए माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
