*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महात्मा गांधी अस्पताल में विशेष ‘रामाश्रय वार्ड’ की शुरुआत की गई है। 65 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों के लिए तैयार किए गए इस वार्ड में फिलहाल 10 बेड की व्यवस्था की गई है, जहां मरीजों को जांच और उपचार के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा।

चिकित्सा कर्मी रेखा ने बताया कि वार्ड के प्रत्येक बेड पर बीपी मॉनिटर, ईसीजी और ऑक्सीजन जैसी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। मरीजों को दवाइयां और इंजेक्शन भी बेड पर ही समय पर दिए जाएंगे, जिससे उपचार अधिक त्वरित और सुगम होगा।
बुजुर्ग मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वार्ड को पूर्णतः वातानुकूलित बनाया गया है। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ वार्ड के समीप ही टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। वहीं व्हीलचेयर और ट्रॉली जैसी सुविधाएं भी हर समय उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि ‘रामाश्रय वार्ड’ शुरू होने से बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को एक ही स्थान पर समग्र चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे उपचार में आसानी होगी और परिजनों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
