विधिक साक्षरता एवं भिक्षावृत्ति उन्मूलन जागरूकता शिविर संपन्न, विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर कुप्रथा मिटाने की दिलाई शपथ

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास (रोशन वैष्णव)
। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं तालुका विधिक सेवा समिति, माण्डलगढ़ के तत्वावधान में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरूंदनी में विधिक साक्षरता एवं भिक्षावृत्ति उन्मूलन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देशन में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी रखने के साथ-साथ भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्रधानाचार्य मुनेश कुमार मीणा ने अतिथियों का स्वागत कर किया। पीएलवी कमलेश सुखवाल ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है तथा जागरूकता ही अपराध और सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
शिविर में भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के तहत विद्यार्थियों को भिक्षावृत्ति जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसे समाज से समाप्त करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाकर इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन में सहयोग करें।
कार्यवाहक मुनेश कुमार  ने विद्यार्थियों से शिविर में मिली जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया।
इस अवसर पर शिक्षक ओमप्रकाश , भैरूलाल गुर्जर, विष्णुनाथ पंचोली, रामसिंह मीणा, मदनलाल धाकड़, राजेन्द्र कुमार, प्रकाश गुर्जर, अंकुर कुमार, प्रेमसिंह हजूरी, स्वयं जोशी, सत्येंद्र कुमार जैन, ताराचंद्र, पवन कुमार सहित विद्यालय स्टाफ जगदीश चंद्र, हेमराज एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।