बिजौलिया – । थाना क्षेत्र के गिरधरपुरा गांव में बुधवार सुबह 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर खेत जा रही एक महिला के ऊपर गिर गई। करंट की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बिजली विभाग की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि गिरधरपुरा निवासी प्रेम देवी धाकड़ (60) पत्नी भगवानलाल धाकड़ अपने खेत पर जा रही थीं। इसी दौरान खेत के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन अचानक टूटकर उनके बाएं कंधे पर गिर गई। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा एहतियात के तौर पर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण रामफूल धाकड़ ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर लंबे समय से बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि बिना आंधी-तूफान के लाइन टूटना विभागीय लापरवाही का परिणाम है। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
