गंगापुर…. (मुकेश गुर्जर)4 अगस्त। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित भीलवाड़ा–गंगापुर–नाथद्वारा नई रेल लाइन की शीघ्र स्वीकृति एवं निर्माण, देश में सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, किसानों की खुशहाली तथा जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर गंगापुर से चार श्रद्धालुओं का दल हिमाचल प्रदेश स्थित पवित्र किन्नौर कैलाश महादेव यात्रा के लिए रवाना हुआ ।
यात्रा दल में कैलाश चंद्र, राम प्रसाद माली, संजय माली एवं योगेश गहलोत शामिल हैं। यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण, समय पर अच्छी वर्षा तथा समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि किन्नौर कैलाश महादेव की यात्रा भगवान शिव के सबसे कठिन एवं पवित्र तीर्थों में से एक मानी जाती है। दुर्गम पर्वतीय मार्ग से होकर की जाने वाली यह यात्रा श्रद्धा, तप, साहस और अटूट आस्था का प्रतीक है। यात्रा के दौरान भगवान शिव से क्षेत्र की वर्षों पुरानी भीलवाड़ा–गंगापुर–नाथद्वारा नई रेल लाइन की स्वीकृति एवं शीघ्र निर्माण के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके और आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्राप्त हों।
यात्रा दल ने कहा कि वे भगवान भोलेनाथ से देश में शांति, समृद्धि, खुशहाली, अच्छी वर्षा, किसानों की उन्नति तथा प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना करेंगे।
यात्रा पर रवाना होने से पूर्व परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
“हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय किन्नौर कैलाश महादेव” के जोश के साथ श्रद्धालुओं का दल गंगापुर से हिमाचल प्रदेश के लिए प्रस्थान हुआ ।
