*बनेड़ा में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित, 109 लोगों की हुई आंखों की जांच*

BHILWARA
Spread the love



*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

राम स्नेही चिकित्सालय अनुसंधान केंद्र, भीलवाड़ा के तत्वावधान में गुरुवार को बनेड़ा के प्रताप चौक स्थित चेतन ऑप्टिकल पर निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा छीपा एवं उनकी टीम ने 109 लोगों की आंखों की जांच कर निःशुल्क परामर्श प्रदान किया। जांच के दौरान मोतियाबिंद, ग्लूकोमा सहित अन्य नेत्र रोगों की जांच की गई तथा आवश्यकता अनुसार मरीजों को आगे के उपचार के लिए चिकित्सकीय सलाह दी गई।

शिविर में बनेड़ा दरबार गोपाल चरण सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर आंखों की जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।

आयोजक चेतन ऑप्टिकल के ऑनर एवं भाजपा नेता रामेश्वर लाल बैरवा ने बताया कि शिविर में कुल 109 लोगों की आंखों की जांच कर निःशुल्क परामर्श दिया गया। जिन मरीजों को आगे उपचार या ऑपरेशन की आवश्यकता थी, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर आगे की चिकित्सा कराने की सलाह दी गई। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, चिकित्सकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

शिविर के सफल आयोजन में मुरली मनोहर व्यास, दिनेश डांगी, प्रहलाद राय शर्मा, ओमप्रकाश छीपा, शब्बरुद्दीन, अजय सेन, चतुर्भुज पारीक, जीवन बैरवा, अधिवक्ता किशन लाल जीनगर, असलम, शांति माली, रिंकू प्रजापत एवं सुशीला सहित अनेक सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिविर में पहुंचकर निःशुल्क नेत्र जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।