Bhilwara News

बड़लियास : पारिवारिक कलह के चलते युवक ने की आत्महत्या, माताजी के चबूतरे पर मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के बड़लियास कस्बे में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब चंवरा के हनुमान जी मंदिर के पास स्थित माताजी के चबूतरे पर एक 37 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला । प्रथमदृष्टया मामला जहरीली वस्तु का सेवन कर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि शव के पास ही विषाक्त पदार्थ की एक खाली डिब्बी बरामद हुई है । सूचना मिलते ही बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया । बड़लियास थाने के दीवान सावल दान ने बताया कि मृतक की पहचान बड़लियास निवासी राजू (37), पिता रोडू रैगर के रूप में हुई है । मृतक के भाई नारायण रैगर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है । रिपोर्ट के अनुसार, राजू शुक्रवार शाम से ही अचानक घर से लापता हो गया था । शनिवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे चंवरा के हनुमान जी के पास माताजी के चबूतरे पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा । उसे तुरंत चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।

पत्नी के वियोग और अवसाद में उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों ने पुलिस को बताया की मृतक राजू की पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपने पीहर ( मायके ) में चली गई थी । शुक्रवार को राजू की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी । दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन या कहासुनी हुई, जिसके बाद से राजू मानसिक तनाव में आ गया और घर से निकल गया । परिजनों का मानना है कि पत्नी के ससुराल न आने और फोन पर हुई बहस के कारण राजू गहरे अवसाद ( डिप्रेशन ) में चला गया था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली ।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है । राजू अपने पीछे तीन मासूम बच्चों दो लड़के और एक लड़की को छोड़ गया है, जिनके सिर से अब हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है ।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

बड़लियास थाना पुलिस ने कोटड़ी चिकित्सालय की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है । पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके कि आखिर राजू ने यह कदम क्यों उठाया या इसके पीछे कोई और वजह थी ।।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!