माणकपुरा में भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, धीरज गुर्जर का 151 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत

कोटड़ी। उपखंड क्षेत्र के माणकपुरा गांव में खेड़ा श्याम नवयुवक मंडल के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री धीरज गुर्जर ने शिरकत की। इस दौरान नवयुवक मंडल की ओर से गुर्जर का साफा पहनाकर और 151 किलो की विशाल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में धीरज गुर्जर ने अपने संबोधन में गौ माता के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि हर घर में गाय माता होनी चाहिए और हम सभी को मिलकर गाय माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष स्थान रखती है। गौ सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर समाज सेवा, धार्मिक आयोजनों और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान भी किया। उन्होंने आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक मनराज दीवाना, प्यारेलाल गुर्जर और बबलू राजस्थानी ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं ममता चौधरी, काजल मेहरा और कृष्णा ने नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। हास्य कलाकार राजा छैला ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और धर्मप्रेमियों ने भाग लिया।



