हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप : सवाईपुर के अभिषेक और अनुराग का राजस्थान टीम में चयन

सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ) :- खेल जगत से सवाईपुर कस्बे के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण और बड़ी खबर सामने आई है । यहां के दो प्रतिभावान खिलाड़ी अभिषेक श्रौत्रिय और अनुराग सुथार का चयन प्रतिष्ठित 16वीं हॉकी इंडिया मेन नेशनल चैंपियनशिप के लिए राजस्थान की राज्य टीम में हुआ है । दोनों खिलाड़ी इस समय झांसी, उत्तरप्रदेश में आयोजित हो रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं । सवाईपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले इन दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे भीलवाड़ा जिले सहित स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है । राजस्थान एग्जीक्यूटिव के सदस्य संपत कोठारी ने संयुक्त रूप से इस चयन पर गर्व व्यक्त किया है । उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण अंचलों में हॉकी की बेहतरीन प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही मंच मिल रहा है । खिलाड़ियों के चयन और पहले मैच में मिली धमाकेदार जीत के बाद सवाईपुर कस्बे में खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और परिजनों ने एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं । सभी ने उम्मीद जताई है कि अभिषेक और अनुराग आगे के मैचों में भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे ।
रोमांचक मुकाबले में बिहार को चटाई धूल, अनुराग ने दागा गोल
प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को खेले गए अपने पहले ही हाई-वोल्टेज मुकाबले में राजस्थान का सामना बिहार की मजबूत टीम से हुआ । इस बेहद कड़े और रोमांचक मैच में राजस्थान की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 3-2 से शानदार जीत दर्ज कर अपने अभियान का विजयी आगाज किया, इस मैच में राजस्थान के लिए कप्तान मनीष, अंकित व अनुराग सुथार ने एक-एक गोल दागा ।।



