Bhilwara News

कच्चे मकान की दीवार में सेंध, संदूक का ताला तोड़कर 5.57 लाख रुपए ले गए चोर

देवनारायण मंदिर के पास से बाइक भी चोरी, थाना प्रभारी ने किया मौका निरीक्षण; दोपहर बाद भीलवाड़ा से मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम पहुंची

शक्करगढ़
थाना क्षेत्र के देवनगर बरोदा में शनिवार रात चोरों ने कच्चे मकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर संदूक का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी करीब 5 लाख 57 हजार 200 रुपए की नकदी चोरी कर ली। इसी रात पास स्थित देवनारायण मंदिर के स्थान से रामप्रसाद गुर्जर की बाइक भी चोरी होने की जानकारी सामने आई। एक ही रात में दो चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।

बरमा देवी पत्नी रामेश्वर लाल गुर्जर ने शक्करगढ़ थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे तक वह और उसकी सास गट्टू देवी जाग रही थीं। इसके बाद दोनों सो गईं। सुबह उठने पर मकान की पिछली दीवार में सेंध लगी मिली। घर में रखी संदूक का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी करीब 5 लाख 57 हजार 200 रुपए की नकदी गायब थी।

घटना की सूचना मिलते ही शक्करगढ़ थाना प्रभारी पूरणमल मीणा एवं हेड कांस्टेबल राजेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर परिजनों एवं ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सेंध लगे स्थान और टूटे संदूक के ताले सहित घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच की।

दोपहर बाद भीलवाड़ा से पहुंची मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार दोपहर बाद भीलवाड़ा से मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच में पुलिस का सहयोग किया। टीम ने सेंध लगाने और घर में प्रवेश करने के तरीके से जुड़े बिंदुओं को भी देखा।

इधर, देवनारायण मंदिर के पास से रामप्रसाद गुर्जर की बाइक चोरी होने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एक ही रात में नकदी और बाइक चोरी की वारदात से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!