हल्दी के खेत में निकला 12 फीट लंबा अजगर, सिहार को निगल रहा था, ग्रामीणों में मची दहशत

वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा, जंगल में छोड़ा

लाड़पुरा। महावीर सुथार।
क्षेत्र के एक खेत में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हल्दी की फसल के बीच करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर ने एक सिहार को जकड़ रखा था और धीरे-धीरे उसे अपने मुंह में निगल रहा था। खेत में विशालकाय अजगर देखकर किसान घबरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए।
जानकारी के अनुसार किसान भेरू धाकड़ अपने हल्दी के खेत में पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर अजगर पर पड़ी। अजगर को सिहार को निगलते देख उसने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वनपाल लोकेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम में टेक्नीशियन लक्ष्मण सुथार, सेवानिवृत्त फौजी हनुमान चोयल, शंभू मीणा, दुर्गालाल गुर्जर और बालू धाकड़ शामिल रहे।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद करीब 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने तत्परता से कार्रवाई कर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने पर वन विभाग की टीम का आभार जताया।



