BHILWARA

बिजोलिया में मोबाइल चार्ज करते समय घर में दौड़ा करंट, 37 वर्षीय युवक की मौत

मानगढ़ गांव में हाई वोल्टेज से मचा हड़कंप, एलटी लाइन टूटकर सड़क पर गिरी; कई ग्रामीण भी आए करंट की चपेट में

बिजोलिया। घर में रोजमर्रा के काम के दौरान अचानक आए हाई वोल्टेज करंट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। छोटी बिजौलिया के मानगढ़ गांव में सोमवार सुबह मोबाइल चार्ज करते समय 37 वर्षीय नोला भील करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे नोला भील अपने घर पर मोबाइल चार्जर लगा रहा था। इसी दौरान विद्युत लाइन में अचानक हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह झुलस गया। परिजन तत्काल उसे बिजोलिया उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के दौरान गांव में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याएं भी सामने आईं। हाई वोल्टेज के चलते एलटी लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई। वहीं गांव के कई अन्य लोगों को भी हल्के करंट के झटके लगने की जानकारी मिली। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना पर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता जयप्रकाश स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सहायक अभियंता ललित मेवाड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

इधर, मृतक के पिता उदा भील की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई सुनील कुमार बेनीवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके दो पुत्र हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!