Bhilwara News

काछोला के ऐतिहासिक दीपावली रास मेले में दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, खरीदारी और मनोरंजन का दिखा उत्साह

घरेलू सामानों की खरीदारी में महिलाओं की खास रुचि, झूले-चकरी, सर्कस और प्रताप सागर तालाब में नौका विहार का श्रद्धालु उठा रहे लुत्फ

असलम रंगरेज

काछोला। धार्मिक नगरी काछोला में करीब 700 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े पांच दिवसीय दीपावली रास मेले में दूसरे दिन भी रौनक परवान पर रही। मेले में सुबह से देर रात तक ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित मेले में पहुंचकर खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं।
मेले में लगी दुकानों पर महिलाओं की विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है। महिलाएं बढ़-चढ़कर घरेलू उपयोग की वस्तुओं, रसोई के बर्तनों, सजावटी सामान, कपड़ों, खिलौनों और दैनिक जरूरत की सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। वहीं बच्चों में खिलौनों और झूले-चकरी को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। दुकानदारों के यहां दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।


मेले का मुख्य आकर्षण झूले-चकरी, सर्कस, विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन बने हुए हैं। वहीं प्रताप सागर तालाब में नौका विहार का आनंद लेने के लिए भी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। लोग वोटिंग का लुत्फ उठाते हुए मेले की यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
बुजुर्गों की मान्यता के अनुसार काछोला में दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक रास मेले की परंपरा करीब 700 वर्षों से चली आ रही है। मान्यता है कि प्राचीन समय में भगवान श्रीकृष्ण और राधा ने यहां रासलीला की थी। इसी धार्मिक आस्था और परंपरा के चलते प्रतिवर्ष दीपावली पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें काछोला सहित आसपास के करीब 84 गांवों के लोग भाग लेते हैं।


इस बार नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली एवं ग्राम पंचायत प्रशासन की पहल पर मेले में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं। सरपंच प्रतिनिधि अरविंद कुमार माली अपनी टीम के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। वहीं पुलिस प्रशासन थाना प्रभारी बालकिशन शर्मा के नेतृत्व में शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
कुल मिलाकर काछोला का ऐतिहासिक दीपावली रास मेला आस्था, परंपरा, खरीदारी और मनोरंजन का संगम बना हुआ है। दूसरे दिन उमड़ी भीड़ ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!