108 एम्बुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी, EMT ने रास्ते में कराया सुरक्षित प्रसव

अस्पताल पहुंचने से पहले महिला को हुई तेज प्रसव पीड़ा, एम्बुलेंस में ही दिया स्वस्थ बेटी को जन्म; जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
पुनित चपलोत
गंगापुर। आपातकाल में 108 एम्बुलेंस सेवा एक बार फिर मां और नवजात के लिए जीवनदायिनी साबित हुई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में एम्बुलेंस में तैनात EMT(आपातकालीन चिकित्सा टेक्नीशियन ) ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव करवाया। एम्बुलेंस के भीतर नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों के चेहरे खिल उठे।
जानकारी के अनुसार, सागरीय गांव से एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए 108 एम्बुलेंस RJ14 PE 7623 से गंगापुर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजकर 37 मिनट पर गठीला फॉर्म के बीच रास्ते में महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस को रास्ते में ही रोकना पड़ा।
इस दौरान EMT विशाल सुवालका ने बिना घबराए पूरी सूझबूझ और तत्परता के साथ एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को CHC गंगापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को स्वस्थ बताया।
इस पूरे घटनाक्रम में EMT विशाल सुवालका और पायलट महेंद्र कुमार वर्मा ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। परिजनों ने संकट की घड़ी में तत्परता दिखाने वाले 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का आभार जताया। अस्पताल पहुंचने से पहले एम्बुलेंस में गूंजी बेटी की किलकारी ने एक बार फिर आपातकालीन सेवा की अहमियत साबित कर दी।






















































