Bhilwara News

बिजौलिया में लाल्या की देवरी मंदिर की जमीन पर रजिस्ट्री का मामला गरमाया, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

चारागाह भूमि पर जारी पट्टों की वैधता पर भी उठाए सवाल, अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी चलाने की मांग

बिजौलिया। शहर के वार्ड संख्या 5 स्थित प्राचीन लाल्या की देवरी शिव मंदिर की भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। मंदिर परिसर और उससे सटी चारागाह भूमि पर कथित अतिक्रमण तथा भूखंडों की रजिस्ट्री को लेकर वार्डवासियों ने प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों एवं कांग्रेस पार्षदों ने उपखंड अधिकारी सीएल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मंदिर की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि 18 मई 2011 को तत्कालीन तहसीलदार के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने पटवारी हल्का बिजौलिया कलां एवं जलिन्द्री तथा ग्राम पंचायत सचिव की मौजूदगी में चारागाह भूमि आराजी संख्या 924, जिसका रकबा 133.14 बीघा है, का सीमाज्ञान किया था। इसी दौरान आराजी संख्या 923 स्थित शिवजी की देवरी, जिसे लाल्या की देवरी के नाम से जाना जाता है, की भूमि का भी सीमांकन कर मौका पर्चा तैयार किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि सीमाज्ञान के दौरान भूखंड संख्या 103 चारागाह भूमि में पाया गया था, जिसका ग्राम पंचायत की ओर से निशुल्क पट्टा जारी किया जाना बताया गया। वहीं भूखंड संख्या 104 का विक्रय विलेख 11 जनवरी 2010 को उप पंजीयन कार्यालय भीलवाड़ा में दर्ज होना ज्ञापन में उल्लेखित है।

ग्रामीणों ने भूखंड संख्या 107 को लेकर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यह भूखंड आराजी संख्या 923 स्थित शिवजी की देवरी में आता है, जहां भगवान भोलेनाथ का प्राचीन मंदिर स्थापित है। इसके बावजूद इस भूखंड का विक्रय विलेख 5 अक्टूबर 2026 को उप पंजीयन कार्यालय बिजौलिया में पंजीबद्ध किया गया। ग्रामीणों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए मंदिर की भूमि के स्वामित्व और रजिस्ट्री की वैधता की जांच कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से चारागाह भूमि पर जारी पट्टों की जांच कर अवैध पाए जाने पर उन्हें निरस्त करने, संबंधित रजिस्ट्री की पड़ताल करने तथा मौके पर कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मंदिर की जमीन को कब्जामुक्त कर धार्मिक स्थल की मूल स्थिति बहाल की जाए।

इस दौरान निर्मल मेहर, शंकर धाकड़, दिनेश पालीवाल, विशाल मेवाड़ा, रईस पेंटर, छित्तर भील, संजय मालवीय, किशन गुर्जर, रमेश खटीक, मोनू भदौरिया, शेखर वैष्णव, चन्द्रप्रकाश मेवाड़ा, प्रभु सिंह और गौरव मेवाड़ा सहित वार्ड के अनेक निवासी एवं महिला श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!