Bhilwara News

चांद जी की खेड़ी में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर से पांच गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

जेईएन ने दिया आश्वासन, शनिवार को लगाया जाएगा अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर

सलावटिया (विकास जैन)। चांदजी की खेड़ी विद्युत ग्रिड से जुड़े पांच गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि कम क्षमता का ट्रांसफार्मर होने से किसानों को निर्धारित समय के अनुरूप पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीण लोकेश सेन ने बताया कि चांदजी की खेड़ी, जोलास, अमृतपुरिया, गोवर्धन निवास, इंद्रपुरा और गिरधरपुरा क्षेत्र के किसानों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। छह घंटे की निर्धारित आपूर्ति में भी करीब पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। इसके अलावा थ्री-फेज बिजली आपूर्ति के समय को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्या जेईएन के समक्ष रखी।

इस पर जेईएन ने बताया कि चांदजी की खेड़ी ग्रिड पर कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा होने से समस्या आ रही है। ग्रामीणों की मांग पर शनिवार को अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। ट्रांसफार्मर बदलने के कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

इस दौरान चांदजी की खेड़ी सरपंच कैलाश सुथार, सरपंच प्रत्याशी अनिल धाकड़, शिवलाल धाकड़, राजू सुथार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!