Bhilwara News

पुष्कर के 8वें नेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल में गूंजी आसींद की आस्था, 51 फीट ऊंची भगवान देवनारायण जी की रेत कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र

आसींद। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में आयोजित 8वें नेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल में भगवान देवनारायण जी की 51 फीट ऊंची विशाल बालू रेत कलाकृति श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। पुष्कर के सैंड आर्टिस्ट अजय कुमार (अजय रावत) द्वारा निर्मित इस कलाकृति को भगवान देवनारायण जी से जुड़ी सबसे बड़ी सैंड आर्ट कृतियों में देखा जा रहा है।


आसींद (भीलवाड़ा) के सोशल वर्कर एवं पत्रकार दिनेश साहू ने अपने एक दिवसीय पुष्कर मेला दौरे के दौरान इस आयोजन से लाइव कवरेज की और सैंड आर्टिस्ट से चर्चा करते हुए इस अद्भुत कृति के निर्माण से जुड़े अनुभव जाने।

सैंड आर्टिस्ट से चर्चा करते पत्रकार दिनेश साहू आसींद के लाइव संवाद में कलाकार ने बताया कि पुष्कर मेले में तैयार की गई भगवान देवनारायण जी की यह 51 फीट की बालू रेत कलाकृति उनके जीवन की अब तक की सबसे बड़ी कलाकृति है। इसमें भीलवाड़ा जिले की आसींद विधानसभा क्षेत्र स्थित भगवान देवनारायण जी की जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी के धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को जीवंत रूप देने का प्रयास किया गया है। कलाकृति में साडू मां की गोद में कमल पुष्प पर विराजे बाल रूप, भगवान का विवाह, भोज बगड़ावत का संघर्ष, घोड़े पर विराजमान भगवान देवनारायण जी, गौ माता तथा देवमाली गांव से जुड़े प्रसंगों को उकेरा गया है।
21 हजार सिक्कों से सांवरिया सेठ व जल संरक्षण-अमृत महोत्सव पर भी कार्य
इसके अतिरिक्त कलाकार ने बताया कि उन्होंने सांवरिया सेठ जी की भी कलाकृति तैयार की है, जिसे 21 हजार सिक्कों से सजाया गया है। उन्होंने यह भी साझा किया कि वे पूर्व में तत्कालीन राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री तथा कई प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मानित किए जा चुके हैं और अमृत महोत्सव तथा जल संरक्षण को लेकर भी कलाकृतियां बना चुके हैं। युवा कलाकारों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति और इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है, इसलिए युवा अपनी कलाओं के माध्यम से इस इतिहास और संस्कृति को समृद्ध कर पूरे विश्व में ले जाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!