शाहपुरा के फड़ चित्रकार विजय जोशी को कोलकाता में मिला प्रतिष्ठित जानकी देवी सोमानी चैरिटी ट्रस्ट पुरस्कार

मरुधारा के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राजस्थानी कला एवं संस्कृति में विशिष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानितय 700 साल पुरानी शाहपुरा फड़ चित्रकला को नई पहचान दिलाने का मिला सम्मान
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान की सात सौ वर्ष पुरानी पारंपरिक लोककला शाहपुरा शैली की फड़ चित्रकला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाले सुप्रसिद्ध फड़ चित्रकार विजय जोशी ने एक बार फिर शाहपुरा का गौरव बढ़ाया है। कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित मरुधारा के प्रतिष्ठित सम्मान समारोह में विजय जोशी को राजस्थानी कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान, फड़ चित्रकला में मौलिक प्रयोगों और नवाचारपूर्ण कला साधना के लिए प्रतिष्ठित जानकी देवी सोमानी चैरिटी ट्रस्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कोलकाता में मिला यह सम्मान विजय जोशी की वर्षों की साधना, शोध, समर्पण और पारंपरिक कला को आधुनिक संदर्भों से जोड़ने के उनके अभिनव प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उनकी इस उपलब्धि से शाहपुरा के कला जगत, कलाकारों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है।
700 साल पुरानी परंपरा को दिए नए आयाम
विजय जोशी शाहपुरा शैली की पारंपरिक फड़ चित्रकला के समर्पित साधक हैं। उन्होंने पीढ़ियों से चली आ रही इस लगभग 700 वर्ष पुरानी लोकचित्र परंपरा को अपनी कलात्मक दृष्टि, गहन अध्ययन, निरंतर अभ्यास और रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
पारंपरिक फड़ चित्रकला में लोकदेवता पाबूजी एवं देवनारायणजी की जीवन गाथाओं और भारतीय पौराणिक आख्यानों को रंगों एवं रेखाओं के माध्यम से उकेरा जाता है। विजय जोशी ने इस परंपरा को केवल धार्मिक और लोकगाथाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समकालीन विषयों, राष्ट्रीय चेतना, महान व्यक्तित्वों और सामाजिक सरोकारों को भी अपनी कलाकृतियों का हिस्सा बनाया।
100 से अधिक नए विषयों पर किया चित्रण
विजय जोशी की कला साधना की खास पहचान उनके नवाचार हैं। उन्होंने 100 से अधिक नवीन विषयों पर फड़ चित्रों का सृजन कर इस पारंपरिक कला के विषय क्षेत्र का विस्तार किया है। महानायक अमिताभ बच्चन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित फड़ चित्र उनकी इसी प्रयोगधर्मिता के उदाहरण हैं।
उनका एक अनूठा प्रयोग संपूर्ण पाबूजी की फड़ को ऑडियो अनुभव से जोड़ना है। इस तकनीक में दर्शक हेडफोन लगाकर फड़ चित्रों को देखते हुए उनसे संबंधित लोकगाथा का श्रवण भी कर सकते हैं। इससे सदियों पुरानी चित्रकला को देखने के साथ-साथ सुनने और महसूस करने का नया माध्यम मिला है।
राष्ट्रपति भवन में दो बार हो चुके हैं सम्मानित
विजय जोशी की कला साधना को राष्ट्रीय स्तर पर पहले भी विशिष्ट पहचान मिल चुकी है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में दो बार सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इसके अलावा संस्कृति मंत्रालय की ओर से कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में प्रदान की जाने वाली कनिष्ठ फेलोशिप (जूनियर फेलोशिप) और वरिष्ठ फेलोशिप (सीनियर फेलोशिप) दोनों प्राप्त हुई हैं।
मुंबई की प्रतिष्ठित जहांगीर आर्ट गैलरी में उनकी एकल कला प्रदर्शनी भी उनकी कलात्मक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित कला मंचों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक आयोजनों में वे अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।
परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना संकल्प
विजय जोशी का मानना है कि फड़ चित्रकला महज रंगों और रेखाओं का संयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, इतिहास, लोकगाथाओं और सांस्कृतिक स्मृतियों की जीवंत अभिव्यक्ति है। इस विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को इससे जोड़ना और देश-दुनिया तक पहुंचाना ही उनकी कला साधना का प्रमुख उद्देश्य है।
कोलकाता में मिला जानकी देवी सोमानी चैरिटी ट्रस्ट पुरस्कार उनके इसी संकल्प और योगदान का सम्मान है। उनकी उपलब्धि ने शाहपुरा की पारंपरिक फड़ चित्रकला को एक बार फिर राष्ट्रीय सांस्कृतिक परिदृश्य में चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
विजय जोशी की यह उपलब्धि केवल एक कलाकार का सम्मान नहीं, बल्कि शाहपुरा की ऐतिहासिक कला परंपरा, राजस्थान की लोक संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण सम्मान है।






















































