Bhilwara News

काछोला में 21 बूथों पर चला पोलियो रोधी अभियान, 2346 बच्चों को पिलाई खुराक

58 वैक्सीनेटर्स और तीन सुपरवाइजरों की टीम ने संभाला मोर्चा, अब घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

असलम रंगरेज

काछोला। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत काछोला क्षेत्र में रविवार को बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। सुबह से ही विभिन्न पोलियो बूथों पर अभिभावकों की आवाजाही रही। अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को लेकर बूथों पर पहुंचे और उन्हें पोलियो की खुराक पिलवाई।
चिकित्सा विभाग के अनुसार अभियान के पहले दिन काछोला सेक्टर के 21 बूथों पर कुल 2346 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए 58 वैक्सीनेटर्स की तैनाती की गई थी। वहीं तीन सुपरवाइजरों ने विभिन्न केंद्रों पर व्यवस्थाओं और कार्यों की निगरानी की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काछोला के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रितेश चौधरी ने बताया कि पोलियो जैसी बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए नियमित रूप से निर्धारित खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। अभियान के आगामी दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और बूथ पर दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए डब्ल्यूएचओ सुपरवाइजर रतनलाल रेगर ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। अभियान में राजगढ़ के सुपरवाइजर एवं सीएचओ चांदमल रेगर, काछोला महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुमित्रा तिवाड़ी तथा थलकलां-सरथला सुपरवाइजर सुषमा सरण ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान आशा सहयोगिनियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और एनजीओ प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया। चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की कि घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों को सहयोग प्रदान करें, जिससे पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित नहीं रहे।
फोटो कैप्शन: काछोला में पल्स पोलियो अभियान के तहत नौनिहालों को दवा पिलाते स्वास्थ्यकर्मी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!