BHILWARA

ज्योतिष नगरी कारोई में श्रद्धा व उल्लास से मनाई गई गुरु पूर्णिमा


कारोई (भीलवाड़ा),पेसवानी
आषाढ़ पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु पूर्णिमा का पर्व ज्योतिष नगरी कारोई स्थित सिद्धि विनायक ज्योतिष केन्द्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हर्षोल्लास से मनाया गया।

इस पावन अवसर पर राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित विभिन्न प्रान्तों से आए शिष्यों और श्रद्धालुओं ने ज्योतिष गुरु पंडित अशोक व्यास कारोई का पूजन कर उन्हें गुरुदक्षिणा अर्पित की। उपस्थित भक्तों ने गुरु परंपरा की गरिमा का पालन करते हुए गुरु को श्रद्धा से नमन किया और उनके श्रीचरणों में अपनी भावनाओं को अर्पित किया।

कार्यक्रम के दौरान पंडित अशोक व्यास ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा न केवल भक्ति और श्रद्धा का पर्व है, बल्कि यह ज्ञान और आत्मिक ऊर्जा के हस्तांतरण का विशेष दिन भी है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें स्मरण कराता है कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि होता है, जो शिष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है।

व्यास जी ने शिष्यों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि “गुरु पूर्णिमा आत्मनिरीक्षण, कृतज्ञता और समर्पण का पर्व है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि वे शिष्य के जीवन का मार्गदर्शन करते हुए उसे आत्मबोध की दिशा में अग्रसर करते हैं।”

पूरे आयोजन में वातावरण भक्तिमय रहा। शिष्यों द्वारा गुरु वंदना, भजन, ध्यान एवं आध्यात्मिक चर्चा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर ज्योतिषीय परामर्श भी प्राप्त किया और अपने जीवन में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन लिया।

गांव और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना की और गुरुजनों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरण किया गया जिसमें सभी भक्तों ने भाग लिया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!