भाणा गणेश मंदिर में 36 लाख की लागत से बना सार्वजनिक हॉल, 21 अक्टूबर को होगा लोकार्पण

शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर में विकास कार्यों की निरंतर श्रृंखला के तहत नगर पालिका शाहपुरा द्वारा लगभग 36 लाख रुपये की लागत से भाणा गणेश मंदिर के पास नवनिर्मित सार्वजनिक हॉल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस हॉल का लोकार्पण 21 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर 2.30 बजे शाहपुरा विधायक डा. लालाराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
[metaslider id=”6401″]
पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने बताया कि शाहपुरा नगर के कोठी फील्ड मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक एवं लगभग 400 वर्ष पुराने भाणा गणेश मंदिर के पास यह सार्वजनिक हॉल नगर पालिका के स्ववित्त पोषण से तैयार कराया गया है। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
नगर पालिका की ओर से आयोजित लोकार्पण समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हॉल को आकर्षक रूप से सजाया गया है और कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध वर्ग, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
सोनी ने बताया कि सार्वजनिक हॉल के साथ-साथ भाणा गणेश मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य भी कराया गया है।
[metaslider id=”6448″]
यह कार्य भाणा गणेश मंदिर विकास समिति द्वारा नगर पालिका के सहयोग से संपन्न हुआ है। समिति के सचिव हितेश शर्मा की अगुवाई में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, नवनिर्माण और संरचना सुधार कार्य किया गया है, जिससे यह ऐतिहासिक मंदिर और भी आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है।
मंदिर पुजारी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस नवनिर्मित भवन से शहरवासियों को सामाजिक कार्यों के आयोजन के लिए एक सुलभ और सुसज्जित स्थल प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि भाणा गणेश मंदिर का धार्मिक महत्व आज भी उतना ही प्रबल है जितना सैकड़ों वर्ष पहले था।
शाहपुरा नगर के कोठी फील्ड रोड स्थित गोल्डन टेम्पल भाणा गणेश मंदिर का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। यहां शादी या किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले श्रद्धालु सबसे पहले भगवान गणेश के दरबार में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और न्योते की पत्रिका श्री गणेश के चरणों में अर्पित करते हैं।

ऐसा करने के बाद ही वे अपने शुभ कार्य का प्रारंभ करते हैं। शादी या मांगलिक कार्य पूर्ण होने के पश्चात भी श्रद्धालु पुनः मंदिर आकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते हैं और मंदिर परिसर में लड्डू का प्रसाद तैयार कर भोग लगाते हैं। मुख्य पुजारी जितेंद्र शर्मा के अनुसार, इस मंदिर से जुड़े अनेक चमत्कारों और आस्था के अनुभवों के चलते इसकी ख्याति क्षेत्र में दूर-दूर तक फैली हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि बुधवार के दिन यहां भक्तों की विशेष भीड़ रहती है। यह सार्वजनिक हॉल शाहपुरा नगर के नागरिकों के लिए एक नई सुविधा के रूप में नगर के सामाजिक जीवन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।



