(नरेश धाकड़)
बिजोलिया। दीपावली के दूसरे दिन बिजोलिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। सुबह से ही ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर गोबर से सुंदर गोवर्धन पर्वत बनाकर उन्हें दीपों और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया।
इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और गौमाता के संरक्षण की कामना की।
गोवर्धन पूजा के साथ ही बिजोलिया कस्बे और आसपास के मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में बने विविध व्यंजनों का भोग भगवान को अर्पित कर पूजा संपन्न की।


























