BHILWARA

राजस्थान कैबिनेट की अहम बैठक आजः सरकार के दो साल पूरे होने पर नई सौगातों पर मंथन, प्रवासी राजस्थानी दिवस और चुनावी तैयारियों पर चर्चा संभावित


जयपुर। दो महीने बाद होने जा रही राज्य कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक इस बार कई अहम फैसलों की दिशा तय कर सकती है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार शाम प्रस्तावित बैठक में सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ नई घोषणाओं पर भी मुहर लग सकती है।

बैठक शाम 4 बजे कैबिनेट से शुरू होगी और इसके बाद मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। देर शाम तक मंत्रियों को बैठक का एजेंडा उपलब्ध नहीं कराया गया था, लेकिन यह तय है कि सरकार 15 दिसंबर को पूरे होने वाले दो वर्ष के कार्यकाल पर जनता को नई सौगातें देने पर मंथन करेगी।

प्रवासी राजस्थानी दिवस और पीएम को आमंत्रण

10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियों की समीक्षा भी बैठक में की जाएगी। कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण भेजा जा चुका है।

पंचायत-निकाय चुनावों पर चर्चा

हाल ही में हाईकोर्ट ने पंचायत और निकाय चुनाव कराने के लिए सरकार को 15 अप्रैल 2026 तक का समय दिया है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया और उसकी तैयारियों पर चर्चा संभव है। साथ ही, इन चुनावों के लिए लागू उस प्रावधान को हटाने पर भी विचार किया जा सकता है, जिसमें दो से अधिक बच्चों वाले उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोका जाता है। इस संबंध में अध्यादेश लाने का मुद्दा भी कैबिनेट में रखा जा सकता है।

बन सकते हैं कोचिंग संस्थानों पर नए नियम

सरकार राज्य में कोचिंग संस्थानों को नियंत्रित करने के लिए कानून तो बना चुकी है, लेकिन इसके नियम अब तक अधूरे हैं। बैठक में इन नियमों को अंतिम रूप देने पर भी फैसला हो सकता है। इसके अलावा कई विभागों से जुड़े नियमों और प्रावधानों में संशोधन प्रस्ताव भी चर्चा के लिए रखे जाएंगे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!