BHILWARA

ऐतिहासिक रहा प्रथम सकल हिंदू समाज सामूहिक विवाह महोत्सव, 31 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में



भीलवाड़ा ।
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शहर में आयोजित प्रथम भव्य सकल हिंदू समाज सामूहिक विवाह महोत्सव गरिमामय एवं ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। श्री निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान एवं महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में मेवाड़ क्षेत्र के संत-महंत विशेष रूप से उपस्थित होकर नवदम्पतियों को आशीर्वाद देने पहुंचे।

इस भव्य आयोजन में 31 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे। संतों के सानिध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधियों के बीच संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह ने सामाजिक समरसता, सादगी और भारतीय संस्कारों का प्रेरणादायक संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः गणपति पूजन एवं कलश स्थापना से हुई। इसके बाद चित्रकूट धाम, नगर निगम से महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा एवं बारात निकाली गई। शोभायात्रा में रथ पर सवार वर-वधु, घोड़े-बग्गियां और भजन-कीर्तन मंडलियों ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। जगह-जगह स्वागत के बीच शोभायात्रा ऋष्य श्रृंग संस्थान पहुंची, जहां तोरण, वरमाला एवं मेवाड़ क्षेत्र के संतों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न हुए।

अंत में भावुक विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करते हुए समाज में एकता, सादगी और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन की सफलता में संत समाज, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों एवं शहरवासियों का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ा संबल मिला।

Related Articles

Back to top button